गाजीपुर। विश्व एड्स दिवस पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में हस्ताक्षर कर कर्मी लोगों को जागरूक करने की शपथ भी लेंगे। इसके बाद सीएमओ कार्यालय स्थित सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। जनपद में 1881 एड्स के मरीज हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
जिले में एड्स मरीजों के आंकड़ों पर अगर नजर डाली जाए तो 1881 मरीजों में 930 पुरुष, 820 महिला, चार थर्ड जेंडर और 126 बच्चे शामिल हैं। इनके उपचार एवं दवा की सुविधा एआरटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। यहीं नहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन मरीजों की सूची बनाकर लगातार निगरानी भी जाती है।
साथ ही ऐसे लोगों को जागरूक करके उनका उत्साहवर्धन भी किया जाता है, जिससे वह लगातार अपने स्वास्थ्य की जांच एवं दवा का सेवन करते रहे। इस संबंध में जिला समन्वयक डा. मिथलेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्व एड्स दिवस पर जिला अस्पताल से सुबह दस बजे रैली निकलेगी, जो गोराबाजार होते हुए विकास भवन चौराहा पहुंचेगी। वहां से पुन: सीएमओ कार्यालय पहुंचकर समाप्त हो जाएगी।
इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। हस्ताक्षर अभियान चलाने का उद्देश्य यह है कि हस्ताक्षर करने वाले स्वास्थ्य कर्मी लोगों को जागरूक करने का शपथ लेंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में 1881 एड्स के मरीज जनपद में हैं, जिनका उपचार चल रहा है। लोगों में जागरूकता लाने के लिए समय-समय पर गांव में कैंप का आयोजन होता है। यहीं नहीं चार स्वंय सेवी संस्थाओं द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने का भी काम किया जाता है।