लठ्ठूडीह। ठगी और फर्जीवाड़े की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर ठग उपेंद्र राय एवं उसकी पत्नी मायूरी राय के पैतृक आवास गोड़ऊर गांव में रविवार को पुलिस टीम ने मुनादी कराकर कुर्की की नोटिस चस्पा की। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी नोटिस चस्पा की गई।
करीमुद्दीपुर थाना क्षेत्र के गोड़ऊर गांव निवासी उपेंद्र राय अपनी पत्नी मयूरी राय के साथ मिलकर बेरोजगारों, व्यापारी और अधिकारियों को शिकार बना चुका है। यहीं नहीं उसके इस कृत्य में इसके माता-पिता और साली भी शामिल हैं। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम ने कुछ दिन पूर्व ठगी के आरोप में इसके पिता प्रदीप राय को बिहार एवं साली सृष्टि राय को बलिया से गिरफ्तार कि या। जबकि उपेंद्र राय और उसकी पत्नी अभी भी फरार हैं।
इधर न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम ने उसके पैतृक गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराने के साथ मकान एवं सार्वजनिक स्थनों पर कुर्की की नोटिस चस्पा की। साथ ही चेताया कि अगर आरोपी समय रहते हाजिर नहीं होता है तो संपत्ति कुर्क की जाएगी। थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि उपेंद्र राय के पैतृक घर पर न्यायालय के आदेश पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई है।