जमानिया। हेतिमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में काफी दिनों से बिहार के कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की खबर को ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग की तंद्रा टूटी और आनन-फानन में अतिक्रमणकर्ताओं को तत्काल हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया। बीआरसी परिसर के प्राथमिक विद्यालय हेतिमपुर में बीते एक माह से रह रहे बिहार के करीब चार परिवार के 13 लोगों को हटाने के लिए जमानिया खंड शिक्षा अधिकारी धनपत यादव ने नोटिस जारी कर प्रधानाचार्य से तत्काल विद्यालय से अतिक्रमणकारियों को हटवाने का निर्देश दिया है। सरकारी विद्यालय में रह रहे बिहार के लाला मेठ ने बताया कि विद्यालय के अध्यापकों ने वहां रहने की अनुमति दी गई थी। एक माह से पूरे परिवार के साथ लोग वहीं रह रहे हैं। गौरतलब है कि बुधवार को विद्यालय खुल गया, लेकिन अभी भी 13 लोग सरकारी प्राथमिक विद्यालय के भवन में कब्जा जमाए हुए हैं। ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर को संज्ञान में ले खंड शिक्षा कार्यालय की ओर से बिहार के रह रहे लोगों को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इस संबंध में एबीआरसी धर्मराज सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से कार्रवाई के लिए प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर खाली करने का निर्देश दिया गया है। बताया कि विद्यालय खुलने से पूर्व हर हाल में खाली करा लिया जाएगा।