सुहवल। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोगों में सुरक्षा का एहसास कराने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस के साथ अर्द्ध सैनिक बलों ने क्षेत्र में रूट मार्च किया। इस दौरान लोगों को भयमुक्त होकर मतदान किए जाने का भरोसा दिलाया। वहीं, 35 मतदान केंद्र, 77 बूथों के अलावा क्रिटिकल और वर्नेबुल केन्द्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया गया। फोर्स ने क्षेत्र के कालूपुर, ताड़ीघाट, मेदिनीपुर, बवाड़ा, सुजानपुर, युवराजपुर, पटकनियां, गौरा, सुहवल, रमवल, सोनवल, ढढनी, मलसा, गरूआमकसुदपुर, भगीरथपुर, चौकियां, डुहियां आदि गावों में रूट मार्च किया। अधिकारियों ने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने का आह्वान किया। साथ ही फोर्स ने क्षेत्र के सभी हिस्ट्रीशीटरों, जिला बदर, गुंड एक्ट में निरुद्ध, जमानत पर बाहर आए बदमाशों के घरों पर दस्तक दी। वहीं पुलिस ने चेताया कि अगर किसी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया, चुनाव में बाधा डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आईटीबीपी के असिस्टेंट कमांडेट बनिराम, सीओ जमानियां हितेन्द्र कृष्ण, प्रभारी निरीक्षक सुहवल सलिल स्वरूप आदर्श, आईटीबीपी के केवल सिंह, प्रमोद यादव, दिग्विजय नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे। नंदगंज : थानाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अर्धसैनिक बलों और स्थानीय पुलिस ने क्षेत्र के दर्जनों गांवों में रूट मार्च कर लोगों को निर्भय होकर मतदान का संदेश दिया। रूट मार्च के दौरान जवान सिहोरी, सोंठी, इमिलिया किशोहरी, रामपुर वन्तरा नन्दगंज बाजार सहेड़ी अतरसुवा सहित दर्जनों गांवों के संवेदन और अतिसंवेदनशील गांवों से होकर गुजरे। इस दौरान चौकी इंचार्ज रजादी सुरेन्द्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिन्द, रामकुमार दुबे आदि मौजूद रहे।