गाजीपुर। शहर कोतवाली के विकास भवन में मंगलवार को जिला सहकारिता विभाग के कार्यालय पहुंचते ही सीढ़ी पर चक्कर खाकर गिरने से सहायक पर्यवेक्षक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। परिवार के लोग भी पहुंचे।
बिहार के बक्सर के पीरपाती रोड रामबाग निवासी जितेंद्र पति त्रिपाठी (50) जिला सहकारिता विभाग में सहायक पर्यवेक्षक थे। यहां वह करीब 20 वर्ष से तैनात थे। गोराबाजार के चेयरमैन गली में किराये पर रूम लेकर अकेले रहते थे। परिवार बक्सर में ही रहता है। प्रतिदिन की तरह सुबह 10.05 बजे वह विकास भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित जिला सहकारिता विभाग के कार्यालय पहुंचे ही थे कि सीढ़ी पर चक्कर खाकर गिरे और अचेत हो गए। यह देख कर्मचारी उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही पत्नी नीलम, पुत्र उत्सव त्रिपाठी और आदित्य त्रिपाठी भी पहुंच गए। शहर कोतवाल दीन दयाल पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हृदय गति रुकने से मौत होने की बात सामने आई है।
-
कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि
गाजीपुर। सूचना मिलते ही पहुंचे सीडीओ संतोष कुमार वैश्य के नेतृत्व में शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान राज्य कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव, डीडीओ सुभाष चंद्र सरोज, जिला समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव, मंधाता सिंह, नीरज सिंह, आलोक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। संवाद