गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगवां (महुवारी) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट के दो महिलाओं को घायल कर दिया। मंगलवार की देर शाम पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया नगवां गांव निवासी पूनम देवी ने तहरीर देकर जानकारी दी कि बीते आठ जून की दोपहर करीब 2. 30 बजे गांव के ही राकेश उर्फ वकील और सुधिया देवी कुछ लोगों के साथ घर में घुस गई। इसके बाद घर के सामने रखे बालू को हटाने को लेकर विवाद करने लगीं। मना करने पर गाली देते हुए लाठी-डंडा और ईंट से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़िता पूनम देवी सहित दो महिलाओं को गंभीर चोट आई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी राकेश ने बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया मारने-पीटने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजनारायण ने बताया पीड़िता की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।