सदर और जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ की ओर से आधार एकत्रीकरण का काम ठीक ढंग से नहीं होने पर सदर एसडीएम ने विभिन्न विभागाध्यक्षों को पत्र लिख कर वेतन रोकने और अन्य कार्रवाई करने को कहा है।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी करंडा को पत्र प्रेषित किया है। जिसमें कहा गया है कि दोनों विधान सभा के कुछ बूथों के बीएलओ को बार-बार सुपरवाईजरों द्वारा निर्देर्शित करने के बावजूद भी अपेक्षा अनुरूप कार्य नहीं किए है। इससे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सही अनुपालन नहीं हो पा रहा है। यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता, लापरवाही है।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित सूची के अनुसार ऐसे लापरवाह, अनुशासनहीन बीएलओ का वेतन रोकते हुए अन्य अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ करते हुए जिलाधिकारी को भी अवगत कराने को कहा है।