जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने मंगलवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला जज ने कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से उनका हाल-चाल लेने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
मंगलवार को जिला जज सुरेंद्र सिंह, डीएम आर्यका अखौरी और एसपी रोहन पी बोत्रे का काफिला जिला कारागार पहुंचा। जिला जज ने कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से बीमारियों के संबंध में पूछा और उनके खान-पान के साथ साफ-सफाई की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने जिला कारागार के हवालात कार्यालय के स्टाक रजिस्टर को भी देखा। इसके बाद अधिकारियों ने एक-एक करके सभी बैरकों का निरीक्षण किया। बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी के दिनांक की जांच की। कारागार में रसोई घर के निरीक्षण के दौरान दिन में बनने वाले भोजन के मीनू की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जेल के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए रोस्टर बनाकर चेंकिग अभियान चलाकर जांच किया जाए। इसके अतिरिक्त महिला बंदी गृह में दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर, कारागार के जेल अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।