गाजीपुर। विभिन्न प्रांतों से पर्व पर घर आए प्रवासियों की आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। अक्तूबर माह में 800 बुखार पीड़ित मरीज मिले। वर्तमान समय में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 69 हैं। हालांकि राहत की बात है कि मरीज स्वस्थ हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटा हुआ है। जिले में एक माह में डेंगू ने तेजी से पांव पसारा और लोगों को अपने चपेट में लेना शुरू कर दिया। प्रयागराज, जौनपुर, लखनऊ की यात्रा करने वाले अधिकांश लोग इस बीमारी की चपेट में आए हैं। इधर पर्व पर प्रवासियों के आवागमन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम जहां अलर्ट हो चुकी है, वहीं आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर बुखार पीड़ित मरीजों को चिन्हित करने के लिए लगाया गया था। इधर मलेरिया विभाग की टीम एंटी लार्वा रोधी दवा का छिड़काव करने में जुटी हुई है। अक्तूबर माह में आशा कार्यकर्ताओं ने जहां 800 बुखार पीडित मरीजों को चिन्हित किया। वहीं उनको भेजकर सीएचसी एवं जिला अस्पताल में जांच भी कराई गई। टीम द्वारा ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को डेंगू से बचाव संबंधित पोस्टर भी वितरित किए गए हैं, जिससे लोग डेंगू से अपना बचाव कर सके। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि चालू माह में 800 बुखार पीड़ित मरीजों को आशा कार्यकर्ताओं ने चिह्नित किया। वर्तमान समय में जिले में 69 डेंगू के मरीज हैं। टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।