गाजीपुर। सर्विलांस टीम गाजीपुर, सैदपुर और थाना नंदगंज पुलिस ने सयुंक्त रूप से सोमवार की रात मुठभेड़ में हत्या के मुकदमे में वांछित और 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की पूछताछ में बदमाश ने बताया कि पुलिस ने मुझे रोका तो पकड़े जाने के डर से मैं भागने लगा। पकड़ा न जाऊं इसलिए मैंने पुलिस पर फायरिंग की, मुझसे गलती हो गई है, मुझे माफ कर दीजिए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश के पास से तमंचा और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। प्रभारी निरीक्षक सैदपुर और स्वाॅट प्रभारी अपनी टीम के साथ भीतरी बाजार तिराहे पर सोमवार की रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे ।
भितरी चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश यादव ने फोन पर प्रभारी निरीक्षक सैदपुर विजय प्रताप सिंह को सूचना दी कि एक संदिग्ध व्यक्ति नंदगंज बार्डर की तरफ से बाइक लेकर तेज रफ्तार से गोरयाबन ही तरफ जा रहा है।
सूचना मिलते ही उसेे पकड़ने के लिए पुलिस ने कुबेर इंटर कॉलेज के पीछे शंकर बाबा स्थान मोड़ के पास घेराबंदी कर ली। पुलिस के मुताबिक वो अपनी बाइक सड़क पर गिराकर पास में मौजूद पेड़ के चबूतरे की आड़ लेकर पुलिस पर फायर करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी उसके घायल होते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल ले आया गया। पुलिस के मुताबिक उसने पूछताछ में अपना नाम रितिक राजभर निवासी ग्राम उकराव थाना बहरियाबाद बताया।
एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश सैदपुर थाने में हत्या के मुकदमे में वांछित है। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल पांच मुकदमे दर्ज है।