सेवराई। तहसीलदार अमित शेखर शुक्रवार को अमीनों के साथ बिजली बकाये की वसूली करने निकले थे। इसी बीच बकायेदारों एवं मजिस्ट्रेट सहित राजस्वकर्मियों के बीच तीखी नोक झोंक हो गई। इसको देख राहगीरों की भीड़ लग गई।
शुक्रवार शाम तहसीलदार सेवराई अमित शेखर राजस्वकर्मियों सहित तहसील क्षेत्र के बिजली के बड़े बकायेदारों के यहां बिजली बिल वसूलने के लिए पहुंचे। सेवराई तहसील मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित एक दुकानदार से बिजली बकाया की वसूली को लेकर दुकानदारों और तहसीलदार के बीच नोकझोंक शुरू हो गया। तहसीलदार की गाड़ी सड़क पर होने एवं नोकझोंक के कारण दोनों तरफ से वाहनों के खड़ा हो जाने के कारण जाम की नौबत पैदा हो गई। वहीं मजिस्ट्रेट एवं दुकानदार की नोकझोंक देख लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर उपस्थित लोगों के बीच-बचाव के बाद दुकानदार द्वारा बकाये के राशि का कुछ हिस्सा देकर रसीद कटाये जाने के बाद मामला शांत हुआ। इस संबंध में तहसीलदार अमित शेखर ने बताया कि सेवराई तहसील क्षेत्र में बिजली बिल के करोड़ों रुपये बकाया है। उपभोक्ताओं को बार-बार शमन भेजने के बाद भी बिजली का बिल नहीं जमा कराया जा रहा है। इसी क्रम में बड़े बकायेदारों को आरसी भेज कर वसूली की जा रही है। उन्होंने किसी भी नोकझोंक की घटना से इनकार किया।