गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के मखदूमपुर बाजार से पुलिस ने बुधवार को 15 हजार के इनामिया और गौरा गांव में प्रधान पुत्र की हत्या में शामिल बदमाश को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया। मुखबिर से मिली सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मखदूमपुर बाजार से 15 हजार रुपये के इनामिया वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के कबीरचौरा मुहल्ले के वार्ड नंबर-28 निवासी रविशंकर जायसवाल उर्फ रवि को गिरफ्तार किया। पुलिस के हत्थे चढ़ा रविशंकर शातिर किस्म का अपराधी एवं शूटर है। वह वाराणसी के मुकदमों में फरार चल रहा है और छिपकर गौरा थाना क्षेत्र सादात के मनोज सिंह के घर रह रहा था। 28 अप्रैल को गौरा गांव में चुनाव प्रचार के दौरान मनोज सिंह के साथ प्रधान पुत्र महावीर राम को गोली मारने में रवि जायसवाल भी शामिल था।