गाजीपुर। जनपद पुलिस ने दो थाना क्षेत्रों में विगत माह हुई चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से नकदी समेत लूट और चोरी के सामान बरामद किए गए। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका चालान कर दिया। सादात थाना क्षेत्र में तीन माह पूर्व हुई लूट एवं चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिरों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को सैदपुर-सादात मार्ग से वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। एसपी डा. ओपी सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष सादात पुलिस कर्मियों के साथ सादात-सैदपुर सड़क पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दो बाइक सवारों सैदपुर कोतवाली के बौरवां गांव निवासी पंकज कुमार और कासिमाबाद कोतवाली के खजूरगांव निवासी राहुल कुमार को कनेरी रेलवे क्रासिंग के पास निर्माणाधीन अंडर पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में तमंचा, दो कारतूस और लूट के 4600 रुपया बरामद हुए। निशानदेही पर दो स्कार्पियो, तीन बाइक, तीन आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, आठ चाभी, एक प्लास, दो पेचकस एवं चोरी की घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त उपकरण भी मिले। गिरफ्तार करने वाली टीम मेें थानाध्यक्ष रामआसरे राय, उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार यादव, अशोक यादव, अतुल कुमार सिंह, जयंत सिंह, महेंद्र यादव, सतीश कुमार, आयुष कुमार, चालक प्रशांत कुमार शामिल थे। सेवराई : दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फरीदपुर चट्टी के पास 15 अप्रैल को पूर्व बैंक मित्र सेवराई गांव निवासी रामनिवास कुशवाहा से करीब एक लाख 25 हजार की हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन लुटेरों को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसिया यूनियन बैंक के पास महना चट्टी से पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम जमशेद खां उर्फ अखियां, तौसीफ खां और शादाब खां निवासी उसिया थाना दिलदारनगर बताया। तलाशी लेने पर 20 हजार नकदी, एक स्वैप मशीन, एक रिमोट, दो चोरी की बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, एसएसआई पवन कुमार यादव, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह यादव, राकेश पाल, मंगल यादव, जितेंद्र सिंह, सत्येंद्र यादव, दिलीप भगत, आशीष यादव शामिल थे।