गाजीपुर ः डकैती गिरोह के पकड़े गए अपराधियों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते एसपी डॉ ओपी सिंह।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जनपद की स्वाट और करंडा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे डकैत गैंग के सात सदस्यों को बरिया मोड़ से बुधवार की रात गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से 85 हजार रुपये नकदख् दो तमंचा, पांच कारतूस, एक चोरी की बोलेरो बरामद की गई। बृहस्पतिवार को एसपी डा. ओपी सिंह ने पत्रकारों के सामने इसका खुलासा किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम करंडा थाना क्षेत्र के बरिया मोड़ स्थित एक ईट-भट्ठे के पास पहुंची और घेराबंदी कर सात शातिर अपराधियों को दबोचा। पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खासकर चट्टीयों पर स्थित दुकानों व घरों की वह बोलेरो से रेकी करते हैं। इसके बाद चोरी की वारदात की जाती है। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर की रात धरम्मरपुर गांव में चोरी किए गए आभूषणों को एक लाख 80 हजार में बेचा गया था। 23 नवंबर को मैनपुर स्थित एक आभूषण की दुकान से उड़ाए आभूषण को 90 हजार में बेचा। इसी तरह सादात थाना के ससना गांव के एकघर से चोरी कर आभूषण को 30 हजार में बेचा। नंदगंज थाना बड़हरा गांव में एक लाख 20 हजार के आभूषण चुराए। पूछताछ में शातिरों ने अपना नाम करीमुद्दीनपुर थाना के पातेपुर निवासी सुनील वनवासी, सुग्रीव कुशवाहा, दक्षिण टोला के सुनीज कुमार जायसवाल, नोनहरा थाना के नसीपुर गांव निवासी छोटे लाल उर्फ छोटू बनवासी, कासिमाबाद के हल्लीपुर निवासी मुन्ना गिरी, नगर कोतवाली के चितनाथ स्थित सुनील वर्मा व बलिया जनपद के फेफना थाना स्थित एकवारी निवासी नितेश गिरी बताया। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है। गिरफ्तारी टीम में स्वाट प्रभारी विनीत राय, करंडा थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय, रामाश्रय राय, रामभवन यादव, रामप्रताप सिंह, भाईलाल, विनय यादव, विकास श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, संजय प्रसाद, संजय पाल, रमन कश्यप, रोहित यादव, नागेंद्र कुमार शमिल थे।