गाजीपुर। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को संपूर्ण भारत में आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पूरे देश में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को केंद्रीय विद्यालय में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से विचार गोष्ठी और निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कनिष्ठ वर्ग में अर्चिता यादव पहले, विवान यादव दूसरे तथा मोहम्मद मोआज जकी को तीसरा पुरस्कार तथा वरिष्ठ वर्ग में लकी पाल प्रथम, शुभांगी सिंह द्वितीय तथा अग्रिमा सिंह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक एवं उप क्षेत्र प्रमुख इश्तियाक अरशद ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। बैंक के राजभाषा अधिकारी अनुराग कुमार सिंह ने राजभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। बैंक के प्रबंधक अमित आनंद ने आजादी के अमृत महोत्सव के महत्व को रेखांकित किया। संगोष्ठी के बाद विद्यार्थियों के लिए दो वर्गों में निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें कक्षा छह से नौ के लिए निबंध का विषय था ‘स्वच्छ भारत अभियान’ तथा ‘वन संरक्षण’ द्वितीय वर्ग कक्षा 10 से 12 वीं के लिए निबंध का विषय था ‘आत्मनिर्भर भारत’ तथा ‘कोविड-19 महामारी का देश पर प्रभाव’। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के बाद विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के हिंदी शिक्षक नीरज राय ने किया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्र प्रमुख कमलेश प्रसाद सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक डॉ. पुरुषोत्तम मिश्रा, बैजनाथ प्रसाद, अवशेष प्रकाश, जितेंद्र तिवारी, धनराज मित्तल, शिवप्रकाश, हरेराम शर्मा, आलोक पटेल, पूर्णिमा वर्मा आदि उपस्थित थीं।