भांवरकोल। गो तस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जसदेवपुर मोड़ से पकड़ा। वह रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का रहने वाला है। थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित इनामी आरोपी जसदेवपुर मोड़ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उमेश उर्फ मोनू चौधरी निवासी रामपुर, थाना रेवतीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।