गाजीपुर। सुहवल थाने की पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम ने बुधवार की भोर मुठभेड़ में एक पशु तस्कर सैफ को गिरफ्तार कर लिया। बाएं पैर में गोली लगने से तस्कर घायल हो गया। तलाशी लेने पर एक तमंचा, एक खोखा और एक बाइक बरामद हुई है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा बाइक सवार तस्कर और पशु लदा पिकअप लेकर चालक भाग निकला। टीम दोनों की तलाश में जुटी हुई है। जमानिया सीओ अनिल कुमार ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा टीम के साथ रजागंज के तरफ भ्रमण कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन पर पशु लदे हैं। तस्कर बाइक से रजागंज की तरफ से गहमर की तरफ जाएंगे। कुछ देर बाद सामने से वाहन आता दिखाई पड़ा। टीम ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार तस्करों ने स्वाट टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। स्वाट प्रभारी ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सक्रिय हुई सुहवल पुलिस टीम ने कालूपुर मोड़ के पास तस्करों को घेर लिया। खुद को घिरा देखकर बाइक सवार तस्करों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पूछताछ में तस्कर ने अपना नाम नोनहरा थाना के नोनहरा गांव निवासी सैफ बताया। टीम ने घायल तस्कर को रेवतीपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। एक अन्य बाइक सवार तस्कर और चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए पिकअप लेकर भाग गए। सीओ अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर सैफ के खिलाफ अयोध्या, मुहम्मदाबाद, आजमगढ़, बलिया और सुहवल में संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। चालक और बाइक सवार तस्कर की तलाश में टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देर रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।