गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवकली मोड़ स्थित आरा मशीन संचालक की पांच दिन पूर्व लाठी-डंडे से पीटकर हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। भूमि खरीद- फरोख्त में एक लाख रुपये कमीशन न देने व गाली देने से नाराज हत्यारोपी ने सिर पर डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी थी। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने रविवार को बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।
एसपी ने बताया कि रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रेवतीपुर गांव के बहोरिकराय पट्टी निवासी विनोद गुप्ता (55) दो दशक से गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवकली मोड़ के पास आवास बनाकर आरा मशीन का संचालन करते थे। 16 जुलाई को वे चौकी पर मृत मिले थे। शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई थी। पुलिस मुकदमा दर्जकर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी। छानबीन में भदौरा गांव निवासी भोला राजभर का नाम सामने आने पर स्वाट/सर्विलांस एवं गहमर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार की देर शाम देवकली गांव के पास से हत्यारोपी भोला राजभर को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि आरा मशीन संचालक विनोद गुप्ता जमीन की खरीद- बिक्री कर दलाली का काम करता था। बीते 15 जुलाई को 14 लाख रुपये में भूमि की रजिस्ट्री कराई गई थी। इसमें से एक लाख रुपये कमीशन बना था। कमीशन की धनराशि लेने विनोद गुप्ता के यहां गया था, लेकिन उसने पैसे देने से इंकार कर दिया और गाली देने लगा। गुस्सा आने पर डंडे से प्रहार कर हत्या कर फरार हो गया।