कासिमाबाद (गाजीपुर)। कोतवाली थाना क्षेत्र के महुवारी नकटू, टोड़ार और बड़ौरा कताई मिल परिसर में कुल सात जगहों पर देवस्थानों में बृहस्पतिवार की रात में अराजकतत्वों ने तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों को जानकारी होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
महुवारी नकटू गांव में जोगी वीर बाबा, ब्रम्ह बाबा के साथ अंजन बाबा का स्थान तोड़कर अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं इन स्थानों पर लगे दरवाजे, स्टील की ग्रिल भी तोड़कर क्षतिग्रस्त करते हुए बाहर खेतों में फेंका मिला है। इस घटना को लेकर अभी लोग आपस में बातचीत कर ही रहे थे कि टोड़ार गांव में भी इसी तरह की घटना में देवस्थानों को तोड़कर क्षतिग्रस्त किया गया है।
टोड़ार गांव में बठना बाबा, ब्रह्म स्थान के साथ गांव के डीह बाबा की हाथी को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। यहीं नहीं डीह बाबा के मंदिर में लगे पीतल का घंटा गायब है। इसी तरह से पूर्वांचल सहकारी कताई मिल बड़ौरा के परिसर में काफी प्रसिद्ध पांचू बाबा के स्थान का चबूतरा को तोड़कर उनकी पिंडी भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इस घटना को लेकर तीनों गांव में काफी आक्रोश है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि सभी क्षतिग्रस्त स्थान का मरम्मत देर शाम तक करा दिया गया है। अराजकतत्वों की तलाश की जा रही है।