कासिमाबाद। नोनहरा थाना क्षेत्र के सिउरीडीह ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम शाहपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा बृहस्पतिवार की देर रात अराजकतत्वों ने तोड़ दी। इससे दलित समुदाय में भारी आक्रोश है। अगले दिन घटना की जानकारी होते ही भीम आर्मी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि नई प्रतिमा लगाई जाए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी आशुतोष कुमार ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। साढ़े तीन घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। नोनहरा थाना क्षेत्र के सिउरीडीह ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम शाहपुर में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा को सुरक्षित रखने के लिए चारों तरफ से बाउंड्री वॉल के साथ गेट लगाया गया है । सुबह गांव के लोग गेट खोलकर अंदर गए तो बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की दाहिनी बांह कंधे से टूटी हुई पाई गई। प्रतिमा क्षतिग्रस्त देखकर दलित समुदाय में आक्रोश पैदा हो गया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी जैसे ही भीम आर्मी के पदाधिकारियों को मिली, वह मौके पर पहुंच गए। मौके पर ग्रामीण धरने पर बैठ गए। सुबह नौ से दोपहर साढ़े 12 बजे तक धरना चला। धरने की सूचना मिलते ही नोनहरा थाना के साथ कई थानों की फोर्स संग उप जिलाधिकारी कासिमाबाद आशुतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद चोब सिंह मौके पर पहुंच गए। उप जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि नई प्रतिमा लगाई जाएगी। साथ ही आरोपियाें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं डॉ. भीमराव आंबेडकर समिति के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व में तीन यहां पर प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस मौके पर भीम आर्मी के जिला संयोजक मनोज गौतम, संतोष, वीरेंद्र गौतम ,राजेश बागी, प्रेमचंद, शेषनाथ, संदीप, अजय गौतम, उपेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।