सैदपुर तहसील क्षेत्र के सरदरपुर गांव का मूलत: निवासी है आनंद बिहारी
सैदपुर और सादात थाने में उसके खिलाफ दर्ज नहीं है अपराधिक रिकार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
औड़िहार। भोजपुरी दबंग्स क्रिकेट टीम का मालिक आनंद बिहारी उर्फ आनंद मूलत: सैदपुर तहसील क्षेत्र के सरदरपुर गांव का निवासी है। सैदपुर एवं सादात थाना में उसका कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उसके परिवार का कोई सदस्य भी इस समय सैदपुर में नहीं रहता। सैदपुर कोतवाली के नजदीक बना पैतृक घर बिक चुका है। लगभग 25 वर्ष से सैदपुर से उसका कोई जुड़ाव ना होने के कारण नई पीढ़ी के लोग उसके बारे में कुछ विशेष नहीं जानते।
पेशे से अधिवक्ता उसके पिता की मौत करीब 10 वर्ष पूर्व हो गई है। परिवार के अन्य लोग पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर तैनात हैं। प्रारंभिक शिक्षा सैदपुर में होने के बाद वह वाराणसी और उसके बाद बड़े शहरों की ओर बढ़ गया। पैसा कमाना, नामचीन होना और नामी-गिरामी लोगों से संबंध कायम करना ही उसका शौक बन गया।
आनंद बड़ा व्यवसायिक बनना चाहता था। उसने सैदपुर के दबंग लोगों से भी मेलजोल कायम कर लिया। बाद में नोएडा, दिल्ली और उसके बाद मुंबई तक अपनी पहुंच बना ली। उसने भोजपुरी स्टारों से भी नजदीकियां बनाई और फिल्म सिटी में काम करने का मन भी बनाया। लेकिन प्रयास सफल नहीं रहा।
बाद में अविका एयरलाइंस में जहाज चलाने के शौक में कूट रचित साजिश करने जैसे कार्यों के लिए चर्चा में ला दिया। मोहाली में उसके गिरफ्तारी की खबर यहां लगने पर उसके नजदीकी लोगों को ठेस पहुंची है। स्कूली जीवन में उसका संबंध सैदपुर बाजार के कई लोगों से मधुर रहा। सैदपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा के अनुसार उसके ऊपर यहां किसी प्रकार का आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है।