गाजीपुर। शहर कोतवाली के गौसाबाद गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर पानी लेने गई एक वृद्धा की पैर फिसलने से कुएं में गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई।
गौसाबाद निवासी श्यामदुलारी (61) घर से कुछ दूरी पर स्थित डेरा पर गई थीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह डेरा से कुछ दूरी पर स्थित कुएं से पानी लेने के लिए पहुंची। वह डोरी के सहारे बाल्टी में कुएं से पानी निकाल रही थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। कुछ देर बाद गांव के कुछ लोग पानी लेने के लिए कुएं पर गए तो वृद्धा को डूबा देख शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। गांव के लोग जबतक वृद्धा को कुएं से बाहर निकालते उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि पानी निकालते समय पैर फिसलने से कुएं में गिरकर वृद्धा की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।