भड़सर गांव निवासी मृतक शंकर राजभर की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
बिरनो। थाना क्षेत्र के भड़सर गांव (नवपुरवा) में रविवार को बटाई की खेत में लगी धान की फसल पानी में डूबा देख सदमे में आए एक वृद्ध की मौत हो गई। भड़सर गांव निवासी राजकुमार राजभर ने बताया कि पिता शंकर राजभर (70) रोज खेत जाकर फसल देखते थे। तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण वह खेत के तरफ नहीं गए थे। रविवार को मौसम ठीक होने पर दोपहर में खेत पर गए थे। इधर लगातार बारिश से धान की फसल पूरी तरह से डूब गई थी। यह दृश्य देख पिता शंकर राजभर को गहरा सदमा लगा और वह अचेत होकर मौके पर ही गिर पड़े। वहां मौजूद ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पिता दूसरों से खेत लेकर बंटाई पर खेती करते थे। खेती ही आजीविका का स्रोत थी। बारिश से फसल की बर्बादी ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि वृद्ध हमेशा मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे। बारिश से फसल की तबाही और आर्थिक नुकसान का सदमा वह सह नहीं पाए और उनकी मौत हो गई।