वीर अब्दुल हमीद सेतु की खबर में गंगा में लापता मदन प्रसाद गुप्ता। स्रोत- परिजन
गाजीपुर/ रेवतीपुर। शहर कोतवाली के वीर अब्दुल हमीद सेतु से शनिवार की सुबह रेवतीपुर के एक अंडा विक्रेता ने गंगा में छलांग लगा दी। पुल के पाथ-वे पर सफेद कुर्ता, गमछा, डायरी, आधार और कुछ नकदी भी बरामद हुई। फिलहाल पुलिस दुकानदार की तलाश में जुटी है। सुबह अंडा विक्रेता परिजनों से गाजीपुर जाने की बात कहकर घर से निकले था। वीर अब्दुल हमीद सेतु से सुबह करीब 10 बजे लोगों का आवागमन बना था। इसी दौरान एक व्यक्ति पुल की रेलिंग के पास कुछ देर खड़ा रहा। इसके बाद पाथ-वे पर अपना कुर्ता, गमछा, डायरी, आधार और कुछ नकदी छोड़कर गंगा में छलांग लगा दी। यह देख राहगीर शोर मचाने के साथ ही घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। आधार कार्ड से गंगा में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान रेवतीपुर गांव के काशी राय पट्टी निवासी अंडा व्यवसायी मदन प्रसाद गुप्ता (55) के रूप में हुई।उधर, पत्नी मंजू देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी पुल पर पहुंच गए। अंडा व्यवसायी के बडे पुत्र सोनू ने बताया कि पिता मदन प्रसाद गुप्ता गांव पर ही अंडा की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सुबह वह किसी काम से गाजीपुर जाने की बात कह घर से निकले थे। कुछ घंटे बाद उसे पिता के गंगा नदी में कूदने की जानकारी मिली। पिता ने कदम किन परिस्थितियों में और क्यों उठाया समझ में नहीं आ रहा है। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि दुकानदार की तलाश स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों के सहारे कराई जा रही है।