स्थानीय गांव के पश्चिम मुहल्ला निवासी अमजद खान की हत्या संपत्ति बटवारे में हुई थी। रविवार को पुलिस ने हत्यारोपी पिता, दो भाई और भाभी को एक विद्यालय के गेट सामने से भोर में धर-दबोचा। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया। अमजद खान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक अमजद खान और आरोपियों के बीच संपत्ति (हक हिस्सा) बटवारे को लेकर विवाद था। बीते आठ अप्रैल की सुबह करीब तीन बजे जब मृतक के घर के सभी लोग सेहरी करने के लिए आंगन मे मौजूद थे। इस दौरान मृतक अमजद द्वारा पुन: हक हिस्सा मांगा गया। इस पर आरोपी इरफान घर में रखा हुआ चाकू लाया और सहयोगी भाई नौशाद, पिता ऐनुद्दीन और नौशाद की पत्नी मेहरून निशा के साथ मिलकर अमजद का गला रेत कर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने इन चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के दूसरे दिन थाना प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ छानबीन में जुटे हुए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नामजद आरोपी नौशाद खां, इरफान खां, ऐनुद्दीन खां और मेहरून निसा को सुबह सनबीम डाल्मिस स्कूल के गेट पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना मे प्रयुक्त चाकू बरामद भी बरामद किया गया। थानाध्यक्ष अशेषनाथ सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।