न्यूनतम वेतन, ठेका प्रथा खत्म करने समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर एंबुलेंसकर्मियों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद, एसपी डॉ. ओपी सिंह और सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह ने आंदोलनकारियों से मुलाकात की। मरीजों के हित हड़ताल खत्म करने के लिए कहा लेकिन एंबुलेंसकर्मी अपनी मांग पर अड़े रहे। हड़ताली कर्मियों ने अपना धरना स्थल पीजी कालेज के गेट से बदल कर लंका मैदान कर दिया। जीवनदायिनी स्वास्थ्य विभाग 108 व 102 एएलएस कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि यह प्रदर्शन राज्य स्तर का है। जब तक हमारी मांगे नहीं मान ली जाती हैं तबतक प्रदर्शन जारी रहेगा। कहा कि एंबुलेंसकर्मियों को न्यूनतम वेतन देने, ठेका प्रथा खत्म करने, एएलएस कर्मचारियों का समायोजन करने, एंबुलेंस सेवा को दबाव से मुक्त करने आदि मांगों को लेकर तीन दिनों से प्रदेश स्तर पर हड़ताल चल रही है। जिले स्तर पर प्रशासन की ओर से दबाव है कि हड़ताल जल्द खत्म किया जाए लेकिन प्रदेश स्तर पर एबुलेंसकर्मी अपनी मांग उठा रहे हैं। कहा कि मांगे माने जाने के बाद ही हड़ताल खत्म होगी। जिलाधिकारी और सीएमओ को समस्याओं से अवगत कराया गया है। जिलाधिकारी ने वाहनों को लंका मैदान में खड़ा करने का निर्देश दिया है। ऐसे में हम सब एंबुलेंस लेकर लंका मैदान में आ गए हैं। अब एंबुलेंसकर्मी यहीं हड़ताल पर रहेंगेे।