गाजीपुर। औषधि निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य ने बृहस्पतिवार को भांवरकोल क्षेत्र के गोड़उर स्थित दवा केंद्रों पर छापा मारा। पता चला कि अवैध ढंग से दवा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान लगभग एक लाख 30 हजार की एलोपैथिक दवाओं को सीज किया गया। साथ ही दो संदिग्ध दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए।भांवरकोल क्षेत्र के गोड़उर में औषधि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। औषधि निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य पुलिस बल संग गोड़उर पहुंचे। यहां उन्होंने मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। इस दौरान पता चला कि एक मेडिकल स्टोर पर मानक व नियमों की अनदेखी कर दवाओं की बिक्री की जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 30 हजार की एलोपैथिक दवाओं को सीज कर दिया गया।
कार्रवाई को देखते हुए कई मेडिकल संचालक अपने-अपने शटराें को नीचे गिरा दिए। औषधिक निरीक्षक बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि डीएम आर्यका अखौरी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। आगे भी यह कार्रवाई चलती रहेगी।