क्षेत्र के ग्राम पंचायत माधोपुर मिश्रौली में आंगनबाड़ी सहायिका के चयन को लेकर विवाद गहरा गया है। चयन प्रक्रिया में फर्जी निवास और आय प्रमाण-पत्र के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी, प्रमुख सचिव, अपर मुख्य सचिव (बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार) तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी से शिकायत कर नियुक्ति पर रोक लगाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता चांदनी कुमारी का आरोप है कि चयनित अभ्यर्थी ग्राम पंचायत की स्थायी निवासी नहीं है, इसके बावजूद कथित रूप से गलत दस्तावेजों के आधार पर उसका चयन कर लिया गया। उधर, अभ्यर्थी के पिता श्यामकेर राम का आरोप है कि एसडीएम, तहसीलदार, लेखपाल और कानूनगो की जांच रिपोर्ट 13 जुलाई को ही सीडीपीओ कार्यालय पहुंच चुकी है, लेकिन उसे अब तक जिला कार्यक्रम अधिकारी को नहीं भेजा गया। सीडीपीओ बिरनो वीरू मणि ने बताया कि नियुक्ति में निवास प्रमाण-पत्र का मामला संज्ञान में है। इसकी जांच उपजिलाधिकारी स्तर पर कराई गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।