गाजीपुर। राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में पुण्य श्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती की त्रिशताब्दी के उपलक्ष्य में वाद-विवाद, दौड़, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में आकांक्षा पहले, राधा विश्वकर्मा दूसरे एवं स्मिता यादव को तीसरा स्थान मिला। दौड़ में स्नेहा पांडेय सबसे आगे रहीं। अंशिका द्वितीय एवं आकांक्षा यादव तृतीय और वाद-विवाद में कुमकुम गुप्ता पहले, स्मृति श्रीवास्तव दूसरे एवं तान्या तीसरे स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में सरस्वती प्रथम, प्राची कश्यप द्वितीय तथा तृतीय स्थान अनामिका कुशवाहा को मिला। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन दर्शन से संबंधित बिंदुओं पर प्रकाश डाला। एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि प्रदीप पाठक ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के शासन काल में मालवा क्षेत्र के अतिरिक्त पूरे भारत वर्ष में किए गए विविध कार्यों जैसे मंदिरों का जीर्णोद्वार, पुलों एवं सड़कों का निर्माण एवं धर्म और संस्कृति के लिए किए आदर्श कार्यों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र एवं मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर प्रवक्ता निधि केशरवानी, संजय सिंह यादव एवं विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। अंत में कालेज की प्रधानाचार्या रागिनी श्रीवास्तव ने आभार प्रकट किया। संवाद