गाजीपुर। तीन दिनों के सूखे के बाद बुधवार को पूरे जिले में करीब दो घंटे झमाझम बारिश हुई। इससे किसानों के चेहरे खिल गए। ये बारिश धान की फसल के लिए संजीवनी का काम करेगी। हालांकि नगर की सड़कों पर कीचड़़ और जलभराव से लोगों को परेशानी भी हुई।
जनपद में मानसून की इंट्री बीते 20 जून को हुई। मानसून की शुरुआत से अब तक 165 एमएम बारिश हो चुकी है। सावन के शुरुआती दिनों में बारिश नहीं होने से लोग मायूस हो गए थे। लेकिन बुधवार को दो चरणों में 22.5 एमएम बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। सुबह लगभग सात बजे चमक-गरज के साथ बारिश शुरू हुई। करीब 25 मिनट तक बूंदें धरती को तरबतर करती रहीं। इसके बाद साढ़े तीन बजे फिर शुरू हुआ बारिश का दौर सवा घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। बरसात से नगर के जर्जर सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। गंदे पानी के छींटों से कई लोगों के कपड़े खराब हो गए। नगर के नवापुरा, पीरनगर, गोराबाजार, झंडातर, रजागंज, आरटीआई मैदान रोड आदि जगहों पर आवागमन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पीजी कॉलेज के कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि 22.5 एमएम बारिश हुई है। आगे हल्की बारिश की संभावना है।
एक सप्ताह में हुई बारिश की स्थिति
तारीख बारिश
24 जुलाई 0
25 जुलाई 6.5
26 जुलाई 22.0
27 जुलाई 30.5
28 जुलाई 0
29 जुलाई 0
30 जुलाई 0
नोट - बारिश के आंकड़े एमएम में हैं।