हापुड़ में पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज का जमकर किया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। हापुड़ में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर जनपद के अधिवक्ता तीसरे दिन बुधवार को भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। सिविल बार संघ और कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
सिविल बार संघ के अध्यक्ष सुधाकर राय ने बताया कि अधिवक्ता तीसरे दिन भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। आठ सितंबर को बैठक होनी हैं, ऐसे में अधिवक्ता आठ सितंबर को भी न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इधर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता भी न्यायिक कार्य से विरत रहे और विरोध जताया। इस मौके पर अध्यक्ष अमर सिंह, महासचिव मदन सिंह कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सेवराई : स्थानीय तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन के नेतृत्व में कलमबंद हड़ताल करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न कामों से आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आठ सितंबर को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश कार्यालय प्रयागराज में बैठक होगी। जमानिया: बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का न्यायिक कार्य से बहिष्कार जारी रहा और जम कर परिसर में नारेबाजी की गई।
बार के अध्यक्ष गोरखनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में इन दिनों अधिवक्ताओं के साथ हाेने वाले अपराध में बढ़ोतरी हो रही है। हापुड़ जनपद में निहत्थे अधिवक्ताओं पर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज करने और गाजियाबाद के अधिवक्ता की हत्या और प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं की हत्या‚ जान लेवा हमला आदि की घोर निंदा करते हैं।