दुर्घटना में घायल क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी आर्मी में हवलदार के पद पर तैनात जवान मुक्खन सिंह यादव (44) की लखनऊ के आर्मी हास्पिटल में उपचार के दौरान बीते 14 नवंबर को निधन हो गया। जवान वर्तमान समय में जम्मू कश्मीर बार्डर पर 635 साटा बीटी यूनिट पुंछ राजौरी में तैनात थे। सोमवार की रात सड़क मार्ग से सेना के अधिकारी और परिजन जवान का शव लेकर गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया।जवान के अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। छठ पर्व मनाने के लिए बीते सात नवंबर को जवान मुक्खन सिंह यादव छुट्टी लेकर परिवार के साथ प्रयागराज से घर आ रहे थे। वाराणसी कैंट बस स्टैंड पर बस से सामान उतारते समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलावस्था में इलाज के लिए तत्काल मिलिट्री हॉस्पिटल गोरखा रेजीमेंट वाराणसी में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। हालत में सुधार नहीं होने पर 12 नवंबर को सेना के कमांड हॉस्पिटल लखनऊ पहुंचे। जहां इलाज के दौरान 14 नवंबर को मौत हो गई। जवान अपने पीछे पत्नी सविता देवी के साथ नौ वर्षीय पुत्र राहुल और पांच वर्षीय पुत्री गुनगुन को छोड़ गए हैं।