जमानिया। ओवरलोड बालू लेकर धरम्मरपुर की ओर जा रहा बोगा बृहस्पतिवार की रात गंगा सेतु के एप्रोच मार्ग की दीवार से टकरा गया। हालांकि बड़ा हादसा बच गया। एक बोगा बीते देर रात करंडा क्षेत्र में जा रहा था। अधिक बालू लदा होने के कारण ट्रैक्टर गंगा सेतु पर नहीं चढ़ पाया और लोड अधिक होने की वजह से आगे का पहिया उठ गया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और एप्रोच मार्ग की दीवार से टकरा गया। गनीमत रही कि बोगा ट्रैक्टर की टक्कर से दीवार का कुछ भाग ही टूटा और शेष में दरार आ गई। अन्यथा अगर यह दीवार पूरी टूट जाती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद चालक ने ट्रैक्टर निकालने का प्रयास किया लेकिन ट्राली का लोड अधिक होने के कारण आगे का पहिया बार-बार उठ जा रहा था जिस कारण वह ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। शुक्रवार की सुबह बारिश बंद होने पर पास-पड़ोस के लोगों ने इस घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि एक बोगा को सेतु के पास से पकड़ कर सीज किया गया है जिसमें लाल बालू लदा था। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।