जमानिया। खंड विकास अधिकारी द्वारा 29 रोजगार सेवकों को निर्वाचन कार्य में लगाए जाने के बाद भी नदारद रहने पर सोमवार को चेतावनी जारी की गई। साथ ही 28 अप्रैल को भी अनुपस्थित रहने पर पूरे माह का वेतन रोकने का निर्णय लिया। खंड विकास अधिकारी हरिनारायण ने बताया कि निर्वाचन के कार्य में सचिव सहित क्षेत्र के 46 रोजगार सेवकों को लगाया गया है, लेकिन प्रशिक्षण एवं निर्वाचन कार्य में 29 रोजगार सेवक अनुपस्थित पाए गए, जिन्हें चेतावनी देते हुए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में अगर कोई लापरवाही बरत रहा है या उसकी वजह से चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि सुनील कुमार सिंह बृजमोहन सिंह मनोज कुमार दीपक सिंह यादव संजय कुमार, सुरेंद्र प्रसाद मुकेश सिंह संतोष कुमार विनय तिवारी रमेश कुमार संतोष राम मनोज राम सुनील कुमार यादव पप्पू कोईरी प्रदीप कुमार आदि मौजूद थे। इनको छोड़कर शेष सभी रोजगार सेवकों पर कार्रवाई की गई है। बीते 28 अप्रैल को अनुपस्थित पाए जाने पर पूरे माह का वेतन रोक दिया जाएगा और संतोषजनक स्पष्टीकरण के बाद वेतन निर्गत किया जाएगा। उन्होंने सचिवों को चेताया कि उनकी भी जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने गांव के रोजगार सेवकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।