परिषदीय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के आधार का सत्यापन किया जा रहा है। अभी तक 21 हजार से अधिक बच्चों के आधार सत्यापन पूरा नहीं हो सका है। इसमें सबसे अधिक बच्चे सादात विकासखंड के हैं।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने बीते दिनों जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के आधार सत्यापन की समीक्षा की थी। इस दौरान 43000 छात्र-छात्राओं के आधार सत्यापन का कार्य पूर्ण न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे जल्द शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया था। 2269 परिषदीय विद्यालयों में तीन लाख 32 हजार 524 बच्चे प्रेरणा पोर्टल पर नामांकित हैं। मिली जानकारी के अनुसार इसमें करीब दो लाख 55 हजार का आधार सत्यापन किया जा चुका है। अभी भी 21 हजार 653 बच्चों का आधार का सत्यापन नहीं हो सका है। इसमें सबसे ज्यादा बच्चे सादात विकासखंड के हैं जबकि नगर क्षेत्र दिलदारनगर के सबसे कम हैं। सादात में 2473, कासिमाबाद 1983, बाराचवर 1919, जखनिया 1717, भदौरा 1432, सैदपुर 1302, जमानिया 1183, बिरनो 1172, मुहम्मदाबाद 1052, सदर 997, भांवरकोल 911, देवकली 885, रेवतीपुर 853, करंडा 835, नगर क्षेत्र 723 एवं नगर क्षेत्र दिलदारनगर के 17 बच्चे हैं। इस संबंध में जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता अमित राय ने बताया कि बच्चों के आधार का सत्यापन किया जा रहा है। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।