दिलदारनगर। आलमगंज गांव में रविवार की अाधी रात कमरे का दरवाजा अंदर से बंदकर छत में लगे पंखे से फंदा लगाकर संदीप कुमार (22) ने आत्महत्या कर लिया। युवक एक गांव में प्रेमिका से मिलने गया था। वहां प्रेमिका के भाई सहित अन्य लोगों ने पकड़कर पीट दिया था। घर पहुंचने पर पिता ने युवक को समझा- बुझाया था। इधर पुलिस ने मृतक के परिजनों की मौखिक शिकायत पर प्रेमिका के भाई समेत दो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि आमलमगंज गांव निवासी संदीप कुमार दूसरे गांव की एक लड़की से तीन वर्षों से प्रेम करता था। वह रात में प्रेमिका के गांव गया था। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने युवक को प्रेमिका के साथ देख लिया था। प्रेमिका के भाई सहित गांव के अन्य लोगों ने संदीप को मारपीटा था। यहीं नहीं संदीप के परिजनों को भी इस घटना की जानकारी मिली थी। जब वह घर आया तो पिता रविंद्र राम ने उसे समझाया-बुझाया और सोने चले गए थे। पूछताछ में रविंद्र राम ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे शंका होने पर जब कमरे के पास पहुंचकर दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई हलचल नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा कि संदीप पंखे के हुक में लगे फंदे से मृत अवस्था में लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर फंदे से युवक के शव को नीचे उतारा, साथ ही विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में लड़की के भाई सहित दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर आगे की कार्रवाई होगी। संवाद