मौधा। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के अमुवारा गांव के सामने शनिवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घर पर तीन बहनों से राखी बंधवाने के बाद सुसराल दादी सास के तेरहवीं में शामिल होने जा रहा था। वह तीन बहनों में अकेला भाई था।सैदपुर कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि खानापुर थाना क्षेत्र के भुजहुआ गांव निवासी दुर्गावती देवी ने तहरीर दी कि उनका बेटा वीरेंद्र (27) दादी सास की तेरहवीं में में शामिल होने के लिए अपनी ससुराल सादात थाना क्षेत्र के सरदरपुर गांव गया था। बहन संध्या, मीनू और नीतू से राखी बंधवाने के लिए वह घर आया था। राखी बंधवाकर वह फिर से: ससुराल जा रहा था। उचौरी-जोगीबीर मार्ग स्थित अमुवारा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने वीरेंद्र की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को पुलिस ने सीएचसी सैदपुर में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही मां दुर्गावती, पत्नी संध्या और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।