वीर अब्दुल हमीद सेतु पर लगे जामम में फंसे एंबुलेंस। संवाद
गाजीपुर। शहीद वीर अब्दुल हमीद सेतु से जमानिया मोड़ तक बुधवार की शाम करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान पुल से करीब दो किमी तक लगे लंबे जाम में तीन एंबुलेंस फंसी रही। पुलिसकर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद जाम को खत्म करा कर यातायात को सुचारू कराया। वीर अब्दुल हमीद सेतु जिला मुख्यालय को सेवराई और जमानिया तहसील क्षेत्र के तमाम गांवों के साथ ही बिहार प्रांत को जोड़ती हैं। दीपावली और छठ के बाद खुले सहकारी व निजी कार्यालयों, दुकानों के साथ ही डीएलएड की परीक्षा के चलते बड़ी संख्या में लोग बुधवार को वीर अब्दुल हमीद सेतु से आवागन किया। सेतु से बेतरतीब ढंग से निकलते भारी वाहनों की वजह से शाम साढ़े चार बजे देखते ही देखते वीर अब्दुल हमीद सेतु से जमानिया मोड तक करीब दो किमी का लंबा जाम लग गया। इस दौरान कई डीएलएड के कई परीक्षार्थियों के साथ ही तीन एंबुुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल जा रहे गंभीर मरीज भी करीब दो घंटों तक जाम में फंसे रहे। जाम की सूचना मिलते ही रजागंज चौकी व दूसरी तरफ सुहवल थाने से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जाम में बेतरतीब ढंग से फंसे वाहनों को किसी तरह से बाहर निकलवाया। उनकी कड़ी मशक्कत के बाद शाम 6:30 बजे जाम खत्म हुआ। यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि कार्यालयों की छुट्टी और डीएलएड की परीक्षा खत्म होने के बाद वीर अब्दुल हमीद सेतु से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन लगा रहा। पिकेट के पास पुल निर्माण के निर्माण का कार्य बिना किसी पूर्व सूचना के शुरू कर दिया गया था। इसके वजह से पुल के पास मार्ग की चौड़ाई कम होने से वाहन जाम में फंस गए थे।