कायाकल्प योजना के तहत जल्द ही परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में विकास खंड के सभी सचिवों को निर्देश जारी किये गये है और कार्य को शुरू करने के लिए कहा गया है। जमानियां विकास खंड में कुल 153 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय है। ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में पांच बिंदुओं पर विकास कार्य कराने के निर्देश दिये गये हैं। जिसके तहत इस बार मूत्रालय, दिव्यांग शौचालय, शौचालय में टाइल्स और विद्यालय के कमरे पर कार्य कराया जाना है। इस योजना के तहत बाउंड्रीवॉल रंगाई-पुताई सौंदर्यीकरण स्वच्छ पेयजल बिजली शौचालय की व्यवस्थाओं को बेहतर करना है। इस बार इसी योजना के तहत विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों की सुविधा को देखते हुए विशेष शौचालय निर्माण का निर्देश दिया गया है। शौचालय के पास रैंप की भी सुविधा होगी, जिससे दिव्यांग बच्चों को शौचालय तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अरुण कुमार दूबे ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाना है। उन्होंने बताया कि विकास खंड में कुल 153 परिषदीय विद्यालय है और सभी विद्यालयों में यह निर्माण कार्य किया जाना है, लेकिन जहां एक ही परिसर में एक से अधिक विद्यालय है वहां सिर्फ एक ही शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में विकास खंड के सभी सचिवों को निर्देश जारी किये गये है और कार्य को शुरू करने का आदेश दिया गया है।