कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के चक जैनब गांव में बृहस्पतिवार की भोर सांप ने बिस्तर पर सो रहे बालक के कान पर डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया।
चकजैनव गांव निवासी रवि (10) पिता अखिलेश कुमार, मां किरन देवी और दो बहनों के साथ खाना खाकर रात में सो रहा था। अलसुबह करीब चार बजे बिस्तर पर सांप चढ़ गया और उसके कान के पास दो से तीन बार डंस लिया। बालक ने घटना की जानकारी पिता अखिलेश को दी। पिता ने जब देखा कि बिस्तर पर सांप है तो उन्होंने किसी तरह पत्नी, दोनों पुत्रियों और पुत्र को नीचे उतारा। इधर बालक की हालत खराब होने पर पड़ोसियों के सहयोग से झाड़-फूंक के लिए सती धाम ले गए। वहां पर स्थिति बिगड़ती देख परिजन मुहम्मदाबाद के कठऊत गांव में ले गए। वहां पर झाड़फूंक कराने के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो उपचार के लिए मऊ के फातिमा अस्पताल ले गए, लेकिन बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आ गए। इकलौते पुत्र की मौत से पिता अखिलेश, मां किरन देवी और दोनों बहनों को रोता-बिलखता देख ग्रामीणों की आंखें भर आईं। बरेसर थानाध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सर्प दंश से अधेड़ की मौत
कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के शेखनपुर गांव में सर्प के दंश से अधेड़ की मौत हो गई। शेखनपुर गांव निवासी महेश प्रजापति (55) बुधवार की सुबह शौच के लिए गए थे। शौचालय से बाहर निकालने के दौरान पास में रखे उपले से निकलकर एक सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन उन्हें मऊ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। परिजन रोने- बिलखने लगे। गांव के लोग परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने में जुटे रहे। कोतवाल आरएस नागर ने बताया कि मृतक के पुत्र मिथलेश प्रजापति की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।