गहमर कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव स्थित एक झोपड़ी में सोमवार की रात बिजली के शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे जानवरों के लिए रखा चारा और घर गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की घटना से पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। वहीं घर गृहस्थी का सामान जलने से खाने के भी लाले पड़ गए हैं। करहिया गांव के उत्तरी दलित बस्ती में झोपड़ी बनाकर बचना राजभर परिवार के साथ रहते हैं। खाना खाने के बाद परिवार के साथ बगल में बने सीमेंट शेड के घर में सो रहे थे। देर रात धुआं और आग की लपट देख उनकी नींद टूट गई। झोपड़ी से निकल रही आग की लपटों को देख पीड़ित और उनका परिवार शोर मचाने लगा। आसपास के लोग अभी कुछ समझ पाते कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल चलाकर किसी तरह आग बुझाई।