गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन के धक्के से घायल सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं सड़क पार कर रहे एक युवक की बाइक के धक्के से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई।
भांवरकोल: पखनपुरा निवासी मुहम्मद एमामुलहक (50) पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर लखनऊ में तैनात थे। वह दो दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। मंगलवार को मुहम्मदाबाद यूनियन बैंक में किसी काम से गए थे। बैंक से निकलकर जैसे ही तिवारी मोड़ के पास पहुंचे पिकअप के धक्के से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें परिजन उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले गए। जहां बुधवार की शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज करने के साथ चालक को पकड़ने में जुटी हुई है। दुल्लहपुर : चकमकपुर गांव निवासी कैलाश राजभर (32) की स्थानीय बाजार में कंप्यूटर और सीसी कैमरे की दुकान है। वह मंगलवार की शाम दुकान बंदकर घर जाने के लिए किसी दूसरे की बाइक से बड़ागांव मोड़ पहुंचे। वहां से वह उतरकर घर की तरफ जाने वाले रास्ते पर मुड़ ही रहे थे कि पीछे से आ रही बाइक ने धक्का मार दिया। गंभीर रूप से घायल कैलाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाएगा। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।