गाजीपुर। शहर कोतवाली के सकरताली गांव के पास सड़क किनारे गेंहू के खेत में रविवार को हत्याकर एक व्यक्ति का फेंका शव मिला। मृतक के सिर में गोली लगी थी। मृतक जेल से जमानत पर बाहर आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। इधर, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया।
सकरताली गांव के लोग सुबह टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गेहूं के खेत में खून से लथपथ एक युवक के शव पर पड़ी तो शोर मचाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के सिर में गोली लगी थी। गांव के चौकीदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
मृतक की शिनाख्त रजागंज मुहल्ला निवासी मजदूर जितेंद्र राम (45) के रूप में की। मृतक के भतीजे अमर ने बताया कि बीते 24 फरवरी की शाम चार बजे घर से गाजीपुर घाट काम करने के लिए निकले थे। देर शाम चाचा जितेंद्र घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश में गाजीपुर घाट पहुंचा। वहां काम करने वालों ने बताया कि कार्य के दौरान जितेंद्र मोबाइल पर फोन आया कि एक पार्टी में जाना है और वह चले गए। देर रात करीब एक बजे परिजनों के मोबाइल पर फोन आया कि जितेंद्र राम को पीथापुर भेजिए, हमलोग पार्टी में हैं। इसके बाद भतीजा अमर कुछ लोगों के साथ पीथापुर पहुंचा और चाचा जितेंद्र की तलाश करने लगा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन सुबह परिवार के लोग कोतवाली पहुंच गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी।
सुबह दस बजे पुलिस द्वारा सूचना दी गई सकरताली गांव के बाहर उनका शव बरामद हुआ है। मृतक के भतीजे अमर ने दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलले पर मुकदमा दर्जकर हत्या के कारणों सहित विभिन्न बिंदुओं जांच जारी है। सीओ सिटी सुधाकर पांडेय ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा होगा।
घटना की जानकारी होते ही मृतक की पत्नी चंदा देवी, पुत्र आशीष और आलोक, मां और परिवार अन्य सदस्य मर्चरी हाउस पहुंच शव देखकर दहाड़े मारकर रोने- बिलखने लगे। रोते- रोते मां और पत्नी अचेत हो जा रही थी।
एसपी ने घटना का निरीक्षण कर दिया निर्देश
गाजीपुर। शहर कोतवाली के सकरताली गांव के बाहर गेहूं के खेत में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर फेंके मिले शव की जानकारी होते ही एसपी ओमवीर सिंह और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र, सीओ सिटी सुधारकर पांडेय, कोतवाल दीनदायल पांडेय मौके पर पहुंच गए। घंटों छानबीन करने में जुटे रहे। इधर एसओजी की टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ करने में जुट गई। एसपी ने मातहतों को हत्याकांड का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।
जमानत पर बाहर था मृतक जितेंद्र राम
गाजीपुर। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि वर्ष 2022 में मृतक जितेंद्र राम का पट्टीदार वीरेंद्र राम से विवाद व मारपीट की घटना घटित हुई थी। इसमें वीरेंद्र राम की मौत हो गई थी। इस मामले में बीते 29 जनवरी 2022 को शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में मृतक जितेंद्र जेल गया था एवं जमानत पर बाहर था। परिजनों द्वारा इसी प्रकरण को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।