दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के सरायगंधु गांव स्थित कटरे में टेंट का सामान रखकर अंदर से शटर बंदकर दुकान में सो रहे मजदूर प्रिंस यादव (19) की रविवार की रात झुलसकर मौत हो गई। सुबह छह बजे दुकान से धुंआ निकलता देख जब ग्रामीणों ने शोर मचाने के साथ शटर खोला तो देखा कि सामान जलकर नष्ट हो चुके हैं, वहीं युवक झुलसकर मृत पड़ा था। पुलिस आग लगने के कारणों की तलाश में जुटी हुई है। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेशचंद्र पटेल ने बताया कि सरायगंधु निवासी प्रिंस यादव चचेरे भाई विकास यादव के जयमाल सेट व सजावट के कार्य में मजदूरी करता था। वैवाहिक कार्यक्रम से रात तीन बजे टेंट संबंधित सामान लेकर पहुंचा और कटरे मेें स्थित दुकान का शटर खोलकर रखा और अंदर से ही शटर बंदकर दुकान में सोने लगा। सुबह करीब छह बजे जब गांव के कुछ लोगों ने देखा कि दुकान के अंदर से धुंआ निकल रहा है तो शोर मचाना शुरू कर दिया। किसी तरह ग्रामीणों ने शटर चाड़कर खोला तो अंदर प्रिंस यादव गंभीर रूप से झुलसकर मृत मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मां रजवती देवी, भाई अभिषेक यादव, बहन लक्ष्मी यादव और आरती यादव रोने- बिलखने लगीं। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हुए थे। थानाध्यक्ष रमेशचंद्र पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आग लगने के कारणों की तलाश की जा रही है।