मुहम्मदाबाद। उपडाक घर में अव्यवस्था एवं कर्मचारियों की कमी बताकर साधारण डाक पिछले डेढ़ महीने से वितरित नहीं की जा रही है। डाक घर में तीन बोरों में भरकर आधार कार्ड एवं दो बोरों में साधारण डाक भरकर रखा हुआ है। इसका वितरण न होने से लोग परेशान हैं। आधार कार्ड के लिए लोग प्रतिदिन डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं। इसके अलावा डाकघर में रजिस्ट्री काउंटर पर रजिस्ट्री न होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्रों को काफी दिक्कतें हो रही है। इसके साथ ही टिकट काउंटर पर भी कर्मचारियों के न बैठने के लोगों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि एक प्राइवेट फ्रेंचाइजी को लाभ देने के लिए डाक घर प्रशासन की ओर से इस तरह की दुर्व्यवस्था फैलाई गई है। लोगों ने विभागीय उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए डाकघर में व्याप्त इस बदइंतजामी को दूर कराकर डाक वितरण के साथ ही अन्य समस्याओं के छुटकारा दिलाकर राहत पहुंचाने की मांग की है।