जमानिया। नकली शराब की बरामदगी पर बुधवार को जिलाधिकारी चंद्रपाल सिंह के आदेश पर लाइसेंसी दुकान को निरस्त कर दिया गया है। बता दें कि पिछले दिनों घेरेबंदी के दौरान जमानिया कोतवाल ओपी सिंह तथा आबकारी विभाग की टीम ने एक बोलेरो में लादकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा बरामद की थी। इसमें बोलेरो चालक प्रमोद उर्फ मुलायम बिंद पुत्र सुग्रीव बिंद निवासी मुड़कटनी थाना नंदगंज को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया था कि वह इस अवैध अंग्रेजी शराब को जमानिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र की एक दुकान पर देने जा रहा था जिसकी राजकुमारी देवी हैं। इस बयान के आधार पर संबंधित दुकान के लाइसेंसधारक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जवाब असंतोषजनक एवं बलहीन पाए जाने पर जिलाधिकारी ने 9 दिसंबर 2013 को दुकान को निरस्त करने का आदेश पारित किया। साथ ही दुकान को सील करने का भी आदेश दिया। बुधवार को मौके पर पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने दुकान को सील कर दिया।