गाजीपुर। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही आचार संहिता का डंडा जनपद के कोने-कोने में चलने लगा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने नगरपालिका कर्मचारियों के साथ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में आचार संहिता का पालन कराने के लिए होर्डिंग-पोस्टर उतराने का कार्य शुरू कर दिया है। मंगलवार की देर रात नगर में सदर एसडीएम और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में होर्डिंग और पोस्टरों को उतराने का कार्य किया गया। लोकसभा चुनाव की तिथि घोषित होते ही आचार संहिता के पालन को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गंभीर होते हुए जिला मुख्यालय पर लगे विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही सरकारी होर्डिंग-पोस्टर उतारने के कार्य में जुट गए। मंगलवार की रात सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी डा. तेजवीर सिंह और सदर कतोवाली प्रभारी निरीक्षक धंजय मिश्रा के नेतृत्व में नगर नगर के लालदरवाजा सहित अन्य मुहल्लों में रात 11 बजे होर्डिंग-पोस्टर उतराने का कार्य प्रारंभ किया गया, जो भोर चक जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध लोगों की जांच-पड़ताल भी की। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा होर्डिंग और पोस्टर उतराने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। आचार संहिता का पालन कराने को लेकर अधिकारी पूरी तरह से गंभीर दिखाई दे रहे हैं।