दिलदारनगर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के देहवल गांव की नई बस्ती में रविवार की रात एक झोपड़ी में आग लग गई। आग से जानवरों को बचाने के प्रयास में एक वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया। उसका उपचार एक निजी चिकित्सक के यहां कराया जा रहा है। देहवल निवासी चिन्नू राम रात में खाना खाकर परिवार के साथ सो रहे थे। देर रात अचानक झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटें देख परिवार के लोग किसी तरह बाहर निकल गए। झोपड़ी में बंधी एक गाय, दो बकरियों को बचाने में चिन्नू राम झुलस गया। आलम यह रहा कि जब तक लोग पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग में कई जानवर भी झुलस गए। सूचना पर राजस्व विभाग के कर्मचारी वहां पहुंचकर जले समान का मुआयना कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी।