दुबिहां (गाजीपुर)। शार्ट-सर्किट से करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के हरदासपुर निवासी सुरेंद्र राय के गन्ने के खेत में अचानक आग लग गई। जिससे खेत में खड़ी फसल जलने लगी। आग की लपटों को उठते देख आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। सोमवार को दोपहर बाद एकाएक हवा के तेज झोकों से गन्ने के खेत के ऊपर से गुजर रहे 440 वोल्ट के जर्जर तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। देखते ही देखते पूरे गन्ने की फसल जलने लगी। ग्रामीणों ने किसी तरह सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराया। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्त की। लेकिन तब तक छह बिस्वा में लगी फसल जलकर नष्ट हो गई। जबकि जर्जर तार को हटवाने के लिये सुरेंद्र राय ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से लिखित शिकायत की है। लेकिन कोई सुधि लेने वाला नहीं है।