गाजीपुर। असम से बड़े पैमाने पर गांजा की खेप लाकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को एसटीएफ, सर्विसलांस व जंगीपुर पुलिस टीम ने बुधवार की रात नसीरपुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही 20 लाख 88 हजार रुपये का 83.550 किलो गांजा बरामद किया।
एसपी ओमवीर सिंह ने बृहस्पतिवार को ये जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार तस्कर असम से ट्रक के ऊपर केबिन मेें बने हुड (बाक्स) में छुपाकर गांजा ला रहे थे। इनके गिरोह के अन्य सदस्यों को पहले भी जेल भेजा जा चुका है।
एसपी ने बताया कि क्षेत्राधिकारी नगर सुधाकर पांडेय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष जंगीपुर अमित कुमार पांडेय, यूपी एसटीएफ टीम के उपनिरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी और स्वाट /सर्विलांस टीम उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान बुधवार की रात करीब आठ बजे ऊसर गांव से जयरामपुर की तरफ जाने वाले मार्ग स्थित नसीरपुर के पास से एक ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने ट्रक के ऊपर बने केबिन के हुड से 83.550 किग्रा गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 20 लाख 88 हजार 750 रुपये है। ट्रक को कब्जे में लेकर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम कासिमाबाद कोतवाली के बहादुरगंज स्थित हनुमान मंदिर निवासी छोटे लाल गुप्ता और आजमगढ़ जनपद के मेहनगर थाना क्षेत्र स्थित सिसवा गांव निवासी साहब राज यादव बताया। एसपी के मुताबिक तस्करों ने बताया कि असम राज्य से ट्रक के केबिन के उपर बने हुड में छिपाकर गांजा लाकर प्रदेश के विभिन्न जनपदो में बिक्री करते हैं। तस्कर साहबराज यादव ने बताया कि वह पूर्व में भी गांजा तस्करी में संलिप्त रहा है और जेल भी जा चुका है।